रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में रविवार दोपहर करीब दो घंटे हुई तेज बारिश ने शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। भारी बारिश के बाद कई प्रमुख सड़कें जलमग्न हो गईं और रिहायशी इलाकों में भी पानी भर गया।
बारिश के कारण कई जगह यातायात प्रभावित हुआ। सड़कों पर पानी भरने से कुछ वाहन बीच रास्ते में बंद हो गए और व्यस्त इलाकों में आवाजाही बाधित रही। निचले इलाकों में कई घरों और अपार्टमेंट के ग्राउंड फ्लोर तक बारिश का पानी पहुंच गया।
नालियों की सफाई पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों ने जलभराव के लिए जाम नालियों और कमजोर ड्रेनेज व्यवस्था को जिम्मेदार बताया। अवंति विहार क्षेत्र के पास एक आवासीय कॉलोनी में पानी घुसने की शिकायत भी सामने आई। लोगों का कहना है कि इस मौसम में दूसरी बार ऐसी स्थिति बनी है।
रायपुर की महापौर मीनल चौबे ने जलभराव के पीछे अपर्याप्त जल निकासी व्यवस्था, पुरानी ड्रेनेज इंफ्रास्ट्रक्चर और प्लानिंग से जुड़ी कमियों को प्रमुख कारण बताया। नगर निगम ने इन कमियों को दूर करने के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही है।
आज भी बारिश का अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 24 अगस्त को छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ऐसे में रायपुर समेत राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

